सहारनपुर। गांव दभेड़ा में संचालित स्वास्थ्य उपकेंद्र के स्टॉक रजिस्टर से बड़ा खुलासा हुआ है। छह दिन पहले खेत में दबी मिलीं सरकारी दवाएं उपकेंद्र की नहीं हैं। स्टॉक रजिस्टर में उन दवाओं का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से आवंटित दवाइयां किस केंद्र पर पहुंची।
23 अक्तूबर को चिलकाना के दभेड़ा गांव से कुछ दूर खेत में सरकारी दवाइयां दबी मिली थीं। दवाओं में टैबलेट के अलावा कफ सिरप, ड्रॉप आदि शामिल थी। अगले दिन एसीएमओ डॉ. धर्मवीर सिंह ने टीम के साथ दभेड़ा पहुंचकर जांच की थी। दवाएं कब्जे में लेते हुए प्रधान पति और सीएचओ से जानकारी ली थी। उपकेंद्र के सीएचओ व एएनएम से स्पष्टीकरण मांगा गया। दो दिन सरसावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्टाफ ने दवाइयों के बैच नंबर, एक्सपायरी और उनकी कीमत जांच की।
मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) को स्टॉक रजिस्टर के साथ कार्यालय बुलाया। रजिस्टर को चेक करने पर पता चला कि उसमें दवा का कोई रिकॉर्ड नहीं है। जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से उस बैच नंबर की दवा स्वास्थ्य उपकेंद्र पर नहीं आई है। वेयर हाउस से दवा आवंटित हुई है। ऐसे में सवाल यह उठ रहे हैं कि वेयर हाउस से निकली दवाइयां किस केंद्र को आवंटित हुई है। अब आसपास के स्वास्थ्य उपकेंद्रों को लेकर भी जांच शुरू हो गई है। वहीं, इस मामले में एएनएम को भी बुलाया गया है।