सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जानेंगे विद्यार्थी
सहारनपुर। शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता लाने और शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए रविवार को विकास भवन सभागार में सभी बोर्ड के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई गई। जिसमें सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी स्कूलों में दिए जाने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त लोकेश एम की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनेक विभागों के अधिकारियों ने प्रधानाचार्यों को योजनाओं से अवगत कराया। योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए विद्यालयों में कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए। कहा कि सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मिशन शक्ति योजना, इंस्पायर अवार्ड योजना, छात्रवृत्ति से संबंधित योजनाएं आदि योजनाएं चल रही हैं। सरकार की मंशा है कि कक्षा छह से 12 के प्रत्येक विद्यार्थी को योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए।
बैठक में यूपी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड आदि के प्रधानाचार्यों ने हिस्सा लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त ने कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों सप्ताह में एक बार योजनाओं से अवगत कराते हुए उनकी प्रतियोगिता, चर्चा आदि कराने के निर्देश प्रधानाचार्यों को दिए।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने निर्देश दिए कि योजनाओं से संबंधित बिंदुओं की बुकलेट बनाकर समस्त शिक्षा बोर्ड के विद्यालयों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जुलाई के पहले सप्ताह में विद्यालय के प्रत्येक छात्र/छात्रा को एक पौधा लगाने तथा उसे संरक्षित करने, प्रत्येक विद्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य करने, सड़क सुरक्षा समिति का गठन करने, विद्यालय वाहनों की फिटनेस कराने के निर्देश दिए। एक जुलाई से प्लास्टिक प्रतिबंधित करने एवं पर्यावरण जागरूकता के संबंध में विद्यालयों में अभियान चलाने को भी कहा।
बैठक में सीडीओ विजय कुमार, एडीएम-प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक, उप शिक्षा निदेशक उम्मेद सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी रूपा हरित, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी दीपिका परिहार, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, अजय कुमार श्रीवास्तव, हर्षदेव स्वामी, टीना सर्राव, गरिमा सिंह, चंचल गर्ग, आदि उपस्थित रहे।
विकास भवन में सभी स्कूलो के प्रधानाचार्य की बैठक में भाग लेते प्रधानाचार्य- फोटो : SAHARANPUR