सहारनपुर। परिवार संग घर पर होली मनाने के बाद अब लोग अपने-अपने काम पर लौटने लगे हैं। लोगों की एक साथ वापसी के कारण बसों, ट्रेनों सहित सभी सवारी वाहनों में भीड़ बढ़ गई है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा भीड़ पूर्वांचल, बिहार से आने-जाने वाली ट्रेनों में नजर आई। भीड़ अधिक होने की वजह से लोगों को सीट पाने के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ी।
होली के बाद सहारनपुर से अलग-अलग दिशाओं में जाने-आने वाली ट्रेनों में वापसी का लोड बढ़ गया है। पूर्वांचल, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की तरफ से आने वाली ट्रेनों में भीड़ रही। दिनभर आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्लेटफार्म पर गश्त करते रहे। हालांकि भीड़ इतनी नहीं थी कि सुरक्षा जवानों को मशक्कत करनी पड़े। वापसी जाने वालों का सिलसिला रात तक चलता रहा। ट्रेनों में सीट को लेकर मारामारी रही। इतनी ट्रेनों के संचालन के बाद भी कई लोगों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल सकी थी। त्योहार पर जैसे-जैसे घर पहुंचे थे।
अब यही हाल लौटते समय भी है। जिनकी पहले से बुकिंग है, उन्हें भी सीट नसीब नहीं हो पा रही है। यही हालत रोडवेज बसों का रहा।