छुटमलपुर / गागलहेड़ी। कोरोना संक्रमण के मामलों में फिर से तेजी आने के साथ ही उत्तराखंड की सीमा पर वहां के प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बार्डर की चेक पोस्ट पर यूपी सहित 12 राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोविड -19 की नेगेटिव रिपोर्ट की जांच की जा रही है। कोविड -19 की नेगेटिव रिपोर्ट न होने की दशा में एंटीजन किट से जांच कर नेगेटिव पाने पर ही प्रदेश की सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है।
बुधवार को उत्तराखंड की जिले से सटी मंडावर, काली नदी सहित सभी सीमा पुलिस चौकियों पर सघन चेकिंग अभियान जारी रहा। यहां स्वस्थ विभाग की टीमों के साथ ही अर्ध सैनिक बलों के जवानों को तैनात किया। हरिद्वार में आयोजित महाकुंभ के लिए भी 72 घंटे की आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता लागू होने के बाद प्रशासन ने बार्डर पर ही सख्ती बढ़ा दी है। इन बार्डर पुलिस चौकियों पर यूपी के साथ ही महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के नंबर वाली गाड़ियों को रोका जा रहा है। इनमें सवार यात्रियों की कोविड-19 रिपोर्ट देखी जा रही है जो नेगेटिव रिपोर्ट साथ ला रहा है, उसे ही जाने दिया जा रहा है। जिन लोगों के पास रिपोर्ट नहीं है, उनका एंटीजन किट से मौके पर ही टेस्ट किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही उसे एंट्री मिल रही है।
भगवानपुर की काली नदी चैक पोस्ट पर शाम तक चार सौ लोगों की एंटीजन किट से टेस्ट कराए। यहां तैनात लैब टेक्नीशियन फिरोज ने बताया कि अभी तक कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। शाम करीब चार बजे एसडीएम (भगवानपुर) स्मृता परमार ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति को जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि बिना जांच के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए।
अस्थी लेकर जा रहे लोगों की भी की कोरोना जांच
अंबाला के साहा कस्बा निवासी सतविंदर सिंह अपने चाचा की अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे। मंडावर चैक पोस्ट पर उनकी और उनके साथियों की मौके पर ही एंटीजन किट से कोरोना जांच की गई। निगेटिव आने पर ही उन्हें जाने दिया गया।
महाराष्ट्र की बस और एमपी की कार को पॉजिटिव यात्री मिलने पर लौटाया
मंडावर पुलिस चैक पोस्ट पर तैनात डॉ. सिद्धार्थ सिंधयाल ने बताया कि मंगलवार की रात में महाराष्ट्र की एक प्राइवेट यात्री बस में सवार एक युवती की रिपोर्ट एंटीजन किट से पॉजिटिव आने पर पूरी बस को बार्डर से ही वापस करा दिया। इसी तरह बुधवार को दिन में मध्य प्रदेश के नंबर वाली कार सवार एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने पर कार को प्रवेश नहीं दिया। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में करीब नौ सौ जांच भगवानपुर बार्डर पर की गई है। इनमें दो पॉजिटिव पाए गए हैं।