कोतवाली क्षेत्र के गांव पीरमाजरा में शुक्रवार को ग्राम प्रधान खालिद चौधरी के यहां भाजपा का कार्यक्रम था। इसमें एमएलसी वीरेंद्र चौधरी के पुत्र शामली के पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान शामिल हुए थे। दोपहर बाद वह वापस लौट रहे थे तो एक गाड़ी से रास्ते में रखा स्टूल टूट गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और थोड़ी देर में पथराव शुरू हो गया। वहीं, बीच-बचाव कराते समय मनीष चौहान भी घायल हो गए। उनके अलावा एक पक्ष के रानी (40) पत्नी आलीशान, अभी (41) पुत्र केशु निवासी पीरमाजरा एवं दूसरे पक्ष के गांव सांगाखेड़ा निवासी जुबेर (19) पुत्र हाकम अली, तंजीम (24) पुत्री इकराम घायल हो गए। दो गाड़ियों के शीशे भी पथराव में टूट गए। पथराव के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।