नकुड़ में शहीद जबरसिंह की प्रतिमा का अनावरण करते एसएसपी दिनेश कुमार व अन्य नेतागण।
- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ (सहारनपुर)। जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर में एक वर्ष पूर्व शहीद हुए बीएसएफ की 173 वीं बटालियन के जवान की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव भैरमऊ में मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें सांबा सेक्टर से पहुंचे बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों व नेताओं सहित आसपास के गण्यमान्य लोगों ने पहुंचकर शहीद की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि एक वर्ष पूर्व 19 नवंबर 2018 को गांव भैरमऊ निवासी किसान सताब सिंह के पुत्र जबर सिंह जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर में बम विस्फोट में शहीद हो गए थे। शहीद जबर सिंह बीएसएफ की 173 वीं बटालियन में असिस्टेंट कमांडेंट की पोस्ट पर सांबा सेक्टर की मंगुचक चौकी पर तैनात थे। मंगलवार को उनके पैतृक गांव भैरमऊ में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसएसपी दिनेश कुमार पी ने कहा कि बड़े ही गर्व की बात है कि नकुड़ की यह भूमि अब देश पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीद जबर सिंह के नाम से जानी जाती है। जिस मिट्टी में शहीद का शरीर मिल जाता है, वहां से अनेकों शहीद पैदा होते हैं। इस मौके पर सांबा सेक्टर से पहुंचे बीएसएफ की 173वीं बटालियन के जवान असिस्टेंट कमांडेंट कृष्ण कुमार ने अपनी बटालियन की ओर से शहीद जबर सिंह के पिता सताब सिंह व शहीद की पत्नी सविता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। श्रद्धांजलि सभा को पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह, बहन मृगांका सिंह, पूर्व विधायक सुशील चौधरी, मुकेश चौधरी, चौ. जगपाल सिंह, चौ. हरिपाल सिंह, पवन सिंह राठौर, संजीव चौधरी, अतुल प्रधान, संदीप चौधरी, डा. ओमपाल सिंह आदि ने भी संबोधित किया। सभा से पूर्व हवन पूजन के बाद शहीद जबर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। डा. पुष्कर सैनी, राजपाल प्रधान, सुशील शर्मा, सुभाष चेयरमैन, मोहकम चौधरी, संदीप खारी सहित काफी संख्या में लोगों ने पहुंच कर शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
नकुड़ में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते एसएसपी दिनेश कुमार पी।- फोटो : SAHARANPUR