सहारनपुर। जिले के पुवांरका में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण करीब 565 करोड़ रुपये की लागत से होगा। निर्माण एजेंसी पीडब्लूडी ने विभागीय मुख्यालय को 565 करोड़ 68 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा हैं। इसके परीक्षण के बाद यह शासन को भेजा जाएगा। वहां से बजट स्वीकृत होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
यह विश्वविद्यालय पुवारका क्षेत्र में बनाया जाना है। इसके लिए करीब 300 बीघा जमीन अधिग्रहित की गई हैं। स्टेट यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए सीसीएस यूनिवर्सिटी के कुलपति की ओर से इस्टीमेट के लिए जरूरी बिंदुओं को प्रस्तुत किया था। इसके आधार पर लोक निर्माण विभाग ने विवि का प्रस्तावित लेआउट तैयार कर इसका इस्टीमेट बनवाया है।
विवि के लिए यह प्रमुख निर्माण कार्य होंगे
लोक निर्माण विभाग के इस्टीमेट और लेआउट के मुताबिक विवि में बाउंड्री और सड़कों आदि के निर्माण से लेकर कैंपस में एडमिनिस्ट्रेटिव व अन्य ब्लॉक, क्लासरूम लैब, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, प्रोफेसरों व कर्मचारियों के रेजीडेंस, छात्रावास, सीसीटीवी इंस्टालेशन, स्पोर्ट्स मैदान व कैंटीन आदि तक का काम होना है। सभी के लिए 565 करोड़ का स्टीमेट बना है।
इस्टीमेट का परीक्षण होने पर मिलेगी मंजूरी
- लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि लेआउट और डिजाइन तय होने के बाद ही विभिन्न निर्माण कार्यों और मदों के अनुरूप इस्टीमेट तैयार किया गया है। निर्माण कार्यों के प्रस्तावों सहित यह स्टीमेट विभागीय मुख्यालय लखनऊ को भेजा गया है। शासन को भेजने से पहले मुख्यालय स्तर पर इसका परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण के दौरान यदि कोई संशोधन जरूरी होगा तो उसे कर लिया जाएगा। परीक्षण के बाद शासन से इस बजट की स्वीकृति होगी और निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा।