बिहारीगढ़ थाने का निरीक्षण करते एसएसपी डा एस चिनप्पा
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने सोमवार को फतेहपुर और बिहारीगढ़ थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्षों को वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी और शासन की कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
सबसे पहले एसएसपी डॉ. एस चिनप्पा फतेहपुर थाने पहुंचे। जहां उन्होंने अभिलेखों का निरीक्षण किया। मैस, रिकार्ड रूम, आवास आदि का निरीक्षण किया। कप्तान ने छुटमलपुर का पैदल भ्रमण कर बाजार की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यवाहक एसएसआई मनोज कुमार को कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कप्तान बिहारीगढ़ के लिए रवाना हो गए। बिहारीगढ़ थाने में भी उन्होंने निरीक्षण के दौरान वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार, आम आदमी के बीच पुलिस की छवि को मित्रवत बनाने के साथ ही बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल दिया। इस दौरान सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा और एसओ बिहारीगढ़ सरदार सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।