सहारनपुर। सात साल से रुका स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द ही दोबारा शुरू होगा। कमिश्नर संजय कुमार और डीएम अखिलेश सिंह ने बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण में आ रही बाधाएं दूर कराने को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
वर्ष 2010 में सहारनपुर को स्पोर्ट्स कॉलेज मिला था। इसके लिए बेहट के गांव शेरुल्लापुर जाटोवाला में जगह फाइनल की गई थी। निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया था। मगर बीच-बीच में बाधाएं आने की वजह से कार्य रुकता और शुरू होता रहा। मगर 2013 में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद कर दिया गया। सबसे बड़ी बाधा स्पोर्ट्स कॉलेज का बरसाती नदी के तट पर होना था। करीब दो वर्ष पहले डीएम पीके पांडेय ने भी कॉलेज का दौरा किया था। उन्होंने नदी के दायरे में आने वाली भूमि को छोड़ते हुए सिंचाई विभाग से 72 बीघा जमीन स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए देने का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जो मंजूर हो गया था। अब बीते करीब छह माह से कॉलेज का निर्माण दोबारा शुरू कराने की कवायद चल रही है। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि सिंचाई विभाग को कॉलेज की चहारदीवारी पर आपत्ति थी। साथ ही यह भी आशंका थी कि बरसात में नदी का पानी दीवार को ध्वस्त कर सकता है। अब दीवार हटाने और नदी पर बांध बनाने पर सहमति बनी है।
कमिश्नर और डीएम बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचे। उनके साथ निर्माण निगम, सिंचाई विभाग और खेल विभाग के अधिकारी भी रहे। दोनों अधिकारियों ने निर्माण में आ रही बाधाओं को मौके पर ही बैठक लेकर दूर किया और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर संजय कुमार, डीएम अखिलेश सिंह, एसडीएम बेहट दीप्ति देव यादव, सिंचाई विभाग के एक्सईएन शिवराज सिंह, राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार, सहायक अभियंता वीरेंद्र गुप्ता, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी काशीनरेश यादव, लाल धर्मेंद्र प्रताप, ग्राम प्रधान इश्तियाक अहमद, पूर्व प्रधान राशिद, इस्लाम, जाकिर आदि मौजूद रहे।
यह हुआ निर्णय
स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के इस्टीमेट में संशोधन होगा। डीएम जल्द रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजेंगे। उपलब्ध 16 करोड़ रुपये से पहले चरण में 400 मीटर का रनिंग ट्रैक, छात्रावास, प्रशासनिक भवन, पानी की टंकी, मल्टीपर्पज हॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी आदि के मैदान तैयार होंगे।
बेहट स्थित स्पोटर्स कॉलेज का निरीक्षण करते कमिश्नर संजय कुमार व डीएम अखिलेश सिंह- फोटो : SAHARANPUR