चिलकाना (सहारनपुर)। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी तथा प्रदेश के राज्य मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने मसखरा नदी पर साढ़े नौ करोड़ रुपये से बनने वाले पुल का भूमि पूजन और हवन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास तथा जनहित के कार्यों पर विशेष ध्यान दे रही है।
बृहस्पतिवार को चिलकाना - गंदेवड मार्ग पर गांव धोलाहेड़ी के निकट मसखरा नदी पर बनने वाले पुल के भूमि पूजन के लिए मुख्य अतिथि के रूप में कैराना सांसद प्रदीप चौधरी पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री डॉ. धर्म सिंह सैनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रदीप चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही है। कोरोना जैसी भयंकर बीमारी पर सरकार ने बेहतर रूप से नियंत्रण किया है। यदि कोई अन्य सरकार होती तो हालात बहुत ज्यादा भयंकर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को भोजन, प्रवासी मजदूरों को उनके स्थान तक पहुंचाना बहुत बड़ा कार्य था। जिसे एक सरकार ने बहुत अच्छे से निभाया। सरकार ने तीन तलाक, धारा 370, कश्मीर मुद्दे, कानून व्यवस्था में सुधार आदि को भी बड़ी आसानी से सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है।
डॉ. धर्म सिंह सैनी ने कहा कि इस पुल की मांग क्षेत्र की जनता लंबे समय से करती चली आ रही थी। पुल के बनने से आसपास के 25 गांवों के लोगों सहित दूरदराज हिमाचल प्रदेश तथा उत्तरांचल जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पुल को बनवाने के लिए उपमुख्यमंत्री से भी मांग की। उन्होंने लोगों से कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए आयुष मंत्रालय की सलाह को माने तथा मास्क का प्रयोग करें तथा सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखें।
इस दौरान सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक सतीश कुमार, परियोजना प्रबंधक जसवंत सिंह स्याना, सहायक अभियंता मोहित कुमार, अवर अभियंता राकेश कुमार सहित प्रधान विनोद कुमार सैनी, हरीश पंवार, पवन सिंह राठौर, बबलू सैनी, गुलशन सैनी, रामनाथ धीमान, चरण सिंह सैनी, समय सिंह, तेजपाल सिंह, चौ देवी सिंह, हुकम सिंह सैनी, राम नरेश, अरविंद कुमार, विजय सैनी, मदन लाल शर्मा, बालेश सैनी, डॉ. इरशाद, सीटू धीमान, जयवीर प्रधान, संजय प्रधान, सुशील सैनी, चौधरी मारूफ आदि रहे।
चिलकाना में कार्यक्रम को संबोधित करते राज्य मंत्री डा धर्म सिंह सैनी- फोटो : SAHARANPUR