सहारनपुर। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने हकीकत नगर धरना स्थल से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। खाली गैस सिलिंडर और नारे लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ता चल रहे थे। कई कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज और उपलों की माला भी पहन रखी थी।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन के नेतृत्व में हकीकत नगर स्थित धरनास्थल पर एकत्र हुए और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों से किसान, मजदूर, व्यापारी, छात्र से लेकर आम आदमी तक सभी त्रस्त हैं। प्रदेश सरकार की ढिलाई के चलते अभी तक किसानों को बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के मूल्य में लगातार हो रही वृद्धि से महंगाई का बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के दामों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने, ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने, तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। वरिष्ठ नेता सरफराज खान, लियाकत अली, जसवीर वाल्मीकि ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार सालों से गन्ना मूल्य में वृद्धि नहीं की है जबकि किसानों की लागत कई गुना बढ़ गई है। गन्ने के समर्थन मूल्य में वृद्धि की मांग की। पूर्व जिलाध्यक्ष जगपाल दास गुर्जर, कार्तिकेय राणा, मजाहिर राणा, ओमी पंवार, ऋषिपाल प्रमुख और अली खान आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान मांगेराम कश्यप, मो. आजम शाह, फैसल सलमानी, अरविंद चौधरी, फरहाद आलम गाड़ा, अब्दुल गफूर, अमित गुर्जर, अर्जुन पंडित, सहदेव गुर्जर, मनोज पंवार, परविंदर प्रमुख, महजबी खान, अच्छन यादव, हसीन कुरैशी, राव वजाहत, प्रवीण बांदूूखेड़ी, सोनू चौधरी, कुलदीप यादव, आकाश खटीक मुस्तफा नवाजपुर, प्रदीप चौधरी, बलकार चौधरी, नरेंद्र, अशोक प्रधान आदि मौजूद रहे।