बेहट में बरसाती नदी में बहकर आई कार को देखते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट(सहारनपुर)। शिवालिक पहाड़ियों में हुई भारी बारिश के बाद बुधवार की शाम घाड़ की नदियों में आई बाढ़ से करीब 20 गांवों का घंटों तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। शाहपुर गाड़ा नदी में अचानक आई बाढ़ में एक कार बह गई। जिसे ग्रामीणों ने निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज के पास से बाहर निकाला।
बता दें कि पहाड़ी क्षेत्र में हुई भारी के घाड की सभी नदियों- नालों में पानी आ गया। जिसके चलते मिर्जापुर सुंदरपुर मार्ग घंटों बाधित रहा और करीब 20 गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। इसके अलावा शाकंभरी खोल में पानी आने से सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी के दर्शनों के लिए न तो कोई श्रद्धालु जा सका और न कोई आ सका। शाहपुर गाड़ा नदी में पानी आने से गांव शाहपुर गाड़ा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की कार पानी के तेज बहाव में बह गई। हालांकि चालक ने कार से कूद कर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने कार को गांव असगरपुर के पास निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज के पास से बाहर निकाला।