- रामपुर मनिहारान क्षेत्र के रेहड़ी मलकपुर क्षेत्र में मिला युवक का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका गोली लगा हुआ शव गांव रेहड़ी मलकपुर के पाव सड़क किनारे मिला। यह युवक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी का बेटा बताया गया है। सुबह एक युवती इस युवक के साथ बाइक पर निकली थी। युवक के पास न तो उसकी बाइक मिली और न ही अभी तक युवती के बारे में पता चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में गांव रेडी मलकपुर में शाम के समय कुछ राहगीरों ने एक युवक को लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़े देखा। उन्होंने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तो पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। उसके सिर और पीठ में गोली लगी थी। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने युवक की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान की। यह युवक महेश उर्फ मोनू 35 वर्ष पुत्र महेंद्र सिंह निवासी रामलोक कालोनी तोता चौक थाना मंडी का रहने वाला था। इसके पिता रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह भी पता चला है कि महेश का अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है और उसका ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद भी चल रहा था।
-----------
युवती के साथ घर से निकला था महेश
- महेश के परिजनों ने पुलिस को बताया कि महेश सुबह एक युवती के साथ बाइक पर निकला था। यह युवती काफी समय से महेश से परिचित थी। पुलिस इस युवती की भी तलाश कर रही है। उधर, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-----------