सहारनपुर में किसानों को समितियों पर अब सस्ते उर्वरक मिल सकेंगे। सरकार द्वारा समितियों को नए रेट से उर्वरक दिए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। 27 रुपये से 85 रुपये तक की उर्वरकों में कमी की गई है।
शासन ने उर्वरकों की कीमतों में कुछ कमी की है। सबसे अधिक कटौती डीएपी की कीमतों में लगभग 85 रुपये तक की हुई है। आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता द्वारा जारी किए गए नए रेट के अनुसार डीएपी 1191 रुपये की बजाय अब 1105.50 रुपये में मिलेगा।
इसी प्रकार यूरिया के रेट भी लगभग 27 रुपये तक कम हुए हैं। यूरिया नीमकोटेड, एनपीके के दामों में भी कमी की गई है। ऐसा इफको एवं कृभको द्वारा प्रदेश में यूरिया उर्वरक पर लगने वाले एसीटीएन टैक्स में परिवर्तन होने के चलते हुआ है।
फास्फेटिक उर्वरकों पर लगने वाले वैट में भी आंशिक परिवर्तन हुआ है। इफको एवं कृभको द्वारा आपूर्तित उर्वरकों की कीमतों को 25 जुलाई से प्रभावी किया गया है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त, जिला सहायक निबंधक हरिन्द्र सिंह का कहना है कि नए रेटों को प्रभावी किए जाने के आदेश समितियों को दे दिए गए हैं। किसानों को अब नए रेट से उर्वरकों की बिक्री की जाएगी। किसानों को इससे काफी लाभ पहुंचेगा।