सहारनपुर। स्मार्ट रोड को लेकर अब अधिकारी उतने गंभीर नहीं हैं, जितने तीन माह पहले तक थे। स्मार्ट रोड का कार्य करीब एक माह से बंद पड़ा है, जिसकी वजह से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। नतीजा यह है कि सात माह में स्मार्ट रोड का कार्य 50 फीसदी भी पूरा नहीं हो सका है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में 23 किलोमीटर की स्मार्ट रोड बनाई जानी हैं। स्मार्ट रोड घंटाघर के चारों ओर बनाई जाएंगी। शहर में स्मार्ट रोड के बनाने का कार्य एक जून 2021 को शुरू हुआ था। महापौर संजीव वालिया, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह और भाजपा नेताओं ने काम की शुरुआत की थी। तीन माह पहले तक मंडलीय अधिकारी जो स्मार्ट सिटी सहारनपुर के भी अधिकारी हैं, स्मार्ट रोड के निर्माण को लेकर गंभीर नजर आ रहे थे। अधिकारी सुबह-शाम मौके पर जाकर कार्य की समीक्षा कर रहे थे। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव डॉ. रजनीश दूबे ने भी स्मार्ट रोड का दौरा करते हुए कार्य में गति लाने के निर्देश दिए थे। यहां तक की पाइपलाइन बिछाने का कार्य एक सप्ताह में पूरा नहीं होने पर जलकल के महाप्रबंधक को निलंबित तक करने की चेतावनी दे दी गई थी। लेकिन अब करीब एक माह से कार्य पूरी तरह बंद है। सड़क जगह-जगह से खोदकर छोड़ी गई है। कई जगह जलभराव भी है। सीवर के मैनहोल बिना ढक्कन के खुले पड़े हैं। इसकी वजह से स्थानीय दुुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
यहां बन रही है स्मार्ट रोड
पहले चरण में घंटाघर से कोर्ट रोड पर दीवानी कचहरी तक और घंटाघर से रेलवे रोड पर रेलवे स्टेशन तक रोड को तैयार करने का काम चल रहा है। इस कार्य के पूरा होने के बाद अन्य सड़कों को स्मार्ट रोड बनाने का काम होगा। लेकिन फिलहाल यही कार्य लटका हुआ है।
इससे तो बेहतर पहले थे हालात
कोर्ट रोड के व्यापारी गुरजिंदर और रामशरण का कहना है कि स्मार्ट रोड के लिए सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है। इससे तो बेहतर सड़क पहले ही थी। उनकी मांग है कि स्मार्ट रोड का कार्य पुन: शुरू कर जल्द निपटाया जाए। योगेश और पंकज का कहना है कि दुकानों के सामने सीवर के मैनहोल खुले पड़े हैं। फुटपाथ की जगह सड़क खोदकर छोड़ी गई है। इसकी वजह से ग्राहक नहीं आ रहे हैं।
स्मार्ट रोड के निर्माण का कार्य बंद नहीं हुआ है। बिजली की लाइनें अंडरग्राउंड होनी हैं, जिनके लिए अनुमति ली जा रही है। जैसे ही अनुमति मिल जाएगी तो लाइनें बिछाई जाएंगी। उसके बाद स्मार्ट रोड पर अन्य कार्य किए जाएंगे।
ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त/सीईओ, स्मार्ट सिटी सहारनपुर
स्मार्ट रोड पर बदहाली- फोटो : SAHARANPUR
स्मार्ट रोड पर भरा पानी- फोटो : SAHARANPUR