ट्रांसपोर्टरों के आफिसों पर तालाबंदी करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में तमाम हिदायतों को ठेंगा दिखा शहर में कारोबार कर रहे ट्रांसपोर्ट और उनके गोदामों पर प्रशासन और विकास प्राधिकरण की टीम ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए सील लगा दी।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में शहर के बीच में ट्रांसपोर्ट कारोबार नहीं करने दिया जाएगा। कारोबार को टीपी नगर में शिफ्ट करना होगा।विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन के अभियान को देखते हुए शहर में काम कर रहे अधिकांश ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने अपना करोबार टीपी नगर में शिफ्ट कर लिया था।
शिफ्ट कराने को लेकर अधिकारियों को काफी सख्ती और मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन बीच में कांवड़ आ जाने से प्रशासन ने यह अभियान स्थगित कर दिया था।
अब लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए डीएम शफक्कत कमाल ने शहर में कार्य करने वाले ट्रांसपोर्टर्स पर सख्ती करने के निर्देश दिए। क्योंकि शहर में हो रही लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए आने वाले बडे़ वाहनों के चलते जाम की स्थिति हो रही है।
विकास प्राधिकरण के वित्त अधिकारी विजय शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार को विकास प्राधिकरण के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, एएसपी सुनीति, एई और जेई की टीम ने शहर में काम करने वाले छह ट्रांसपोर्टरों के दफ्तर और उनके गोदामों पर सील लगा दी है।