अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि ग्राम शब्बीरपुर में संत रविदास जयंती के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा को वर्ष 2018 व उसके बाद निर्धारित मार्ग पर निकाले जाने के लिए पुलिस व प्रशासन ने अनुमति प्रदान की है। स्वीकृत मार्ग के अतिरिक्त गैर परंपरागत एवं अन्य मार्गों पर जुलूस/शोभायात्रा निकाले जाने की किसी भी दशा में अनुमति नहीं है।
डीएम ने कहा कि जनपद में संत रविदास की शोभा यात्राओं एवं विशेषकर ग्राम शब्बीरपुर की शोभायात्रा के संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाहों पर आम जनता को ध्यान नहीं देना है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया में व्हाट्सएप, फेसबुक आदि पर विशेष निगरानी रखें। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्राम शब्बीरपुर के आयोजकों द्वारा वर्ष 2018 से पूर्व निर्धारित मार्ग पर जुलूस/शोभायात्रा निकाले जाने के लिए पुलिस व प्रशासन द्वारा अनुमति प्रदान की गई है। शोभायात्रा के आयोजकों से समन्वय स्थापित करते हुए समय-समय पर शांति समिति की बैठक की गईं और निर्धारित मार्ग पर ही शोभायात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्वक निकालने का अनुरोध किया गया है। शोभायात्रा के दौरान गड़बड़ी, अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। शांतिभंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।