सहारनपुर। अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में आने से कई लोगों की मौत होने की घटना से जनपद से अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के परिजन भी परेशान हो गए। रामपुर मनिहारान क्षेत्र से पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन को गए 56 लोगों के जत्थे में से छह लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। इनके गुफा के पास ही ऊपर फंसे होने की आशंका है।
रामपुर मनिहारान से 56 श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए एक जुलाई को बस से रवाना हुआ था। शुक्रवार देर शाम यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के परिजनों को जैसे ही बाबा अमरनाथ की गुफा के पास बादल फटने की सूचना मिली तो यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के परिजनों में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं के परिजनों ने अपने लोगों से फोन करने के लिए संपर्क किया तो उनका किसी से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। बाबा अमरनाथ यात्रा के सेवादार संजय गुप्ता व डिम्पी ने फोन पर बताया कि वह लोग शाम करीब सात बजे प्रसाद चढ़ाकर वापस बालटाल दो मेल पर आ गए थे। उनके छह साथी ऊपर जाते हुए मिले थे। जिनके फंसे होने की आशंका है। उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनसे लगातार संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।