सहारनपुर। एसटीएफ मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद को तीन गोली लगीं। तीनों गोली सीने में लगी है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। दो चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम किया है। इसके बाद एसटीएफ ने शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार देर रात सहारनपुर पहुंचे परिजन तभी शव लेकर चले गए।
गंगोह थाना क्षेत्र में रविवार को लखनऊ एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद सुल्तानपुर जिले के गांव लोलेपुर निवासी सिराज अहमद को मार गिराया था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। वह मुख्तार अंसारी गिरोह का सक्रिय सदस्य था। उस पर सुल्तानपुर और लखनऊ के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, लूट, हत्या का प्रयास और रासुका सहित करीब 30 प्राथमिकी दर्ज है। बदमाश सिराज ने छह अगस्त 2023 को अधिवक्ता आजाद अहमद की हत्या की थी।
इस घटना के बाद से सिराज एसटीएफ की रडार पर था। मुठभेड़ में ढेर करने के बाद रविवार देर रात सिराज का कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम कराया गया। सुल्तानपुर से परिजन पहुंच गए थे। दो चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बदमाश के सीने में अलग-अलग तीन गोलियां लगी थीं, जो मौत का कारण बनीं। एसटीएफ ने पोस्टमार्टम कराने के बाद कानूनी प्रक्रिया कर शव परिजनों को सौंप दिया।
-
भागे बदमाश की तलाश में पुलिस
मुठभेड़ में ढेर हुए सिराज अहमद के भागे साथी की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। हरियाणा-यूपी बॉर्डर क्षेत्र में मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है, ताकि जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। इसके अलावा जो बाइक बरामद है, वह भी सहारनपुर की है। बाइक करीब 15 साल पुरानी है।