प्रॉपर्टी डीलर सुरेश राणा हत्याकांड का आरोपी अरमान उर्फ सिप्पी।
सहारनपुर। गागलहेड़ी में हुए प्रॉपर्टी डीलर सुरेश राणा हत्याकांड में वांछित चल रहा एक लाख का इनामी शूटर अरमान उर्फ सिप्पी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पैर में गोली लगी है। यह शूटर नेपाल, पठानकोट में ट्रक चालक बनकर रह रहा था। उसने विदेशी सिम खरीद रखा था। किसी से बात करनी होती तो वह राहगीरों का हॉटस्पॉट कनेक्ट कराकर करता था।
पुलिस लाइन में एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि रविवार देर रात गागलहेड़ी पुलिस कोलकी टोल प्लाजा हाईवे पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यमुनानगर की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में बदमाश अरमान उर्फ सिप्पी निवासी गांव चौटाला थाना डबवाली सदर जिला सिरसा के दोनों पैरों में गोली लग गई, जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे।
शूटर से पिस्टल, बाइक व अन्य असलहा बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि अरमान उर्फ सिप्पी प्रोफेशनल शूटर है। पुलिस को जब भी उसकी लोकेशन मिलती थी, वह वहां से निकल जाता था। वह विदेशी सिम भी रखता था। इससे ही बात करता था।
शूटर पर हरियाणा, राजस्थान और यूपी में कई मुकदमे दर्ज हैं। पंजाब व हरियाणा में रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। रुपये लेकर वारदात को अंजाम देता था।