सहारनपुर। श्रावण मास की शिवरात्रि आज मनाई जाएगी। शिवरात्रि की पूर्व संध्या में जनपद भर में शिवालय और मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया वहीं, मंदिर कमेटियों ने कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए जलाभिषेक कराने की व्यवस्था की है। पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे।
महानगर में सिद्घपीठ श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, श्री नारायणपुरी, श्री बालाजी धाम, तहसील शिव मंदिर, राधा विहार स्थित श्री औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, श्री विश्राम पुरी काल भैरव सहित अनेक मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूल मालाओं से सजाया।
गाइड लाइन का कराएंगे पालन, सुरक्षा चाक चौबंद
श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में कमेटी ने शिवलिंग के आसपास सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए स्टील के पाइप लगाए हैं, इसके जरिये लोग जलाभिषेक कर सकेंगे। वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सोशल डिस्टेंस का पालन कराने की व्यवस्था की गई। इसी तरह श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव सहित कई मंदिरों कमेटी के पदाधिकारियों ने मास्क, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग आदि की व्यवस्था की। वहीं, शिवरात्रि पर जलाभिषेक को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। थाना पुलिस के अलावा खुफिया विभाग भी मंदिरों में सक्रिय रहेगा। सीसीटीवी से भी लोगों पर नजर रखी जाएगी।
विधि-पूर्वक पूजा से मिलता है मनोवांछित फल
श्री बालाजी धाम के संस्थापक अतुल जोशी महाराज, ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री बगला मुखी मंदिर के अधिष्ठाता आचार्य रोहित वशिष्ठ, राधा विहार स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा भगवान शिव की विधि पूर्वक पूजा करने पर मनोवांछित फल प्राप्त होता है। इसके लिए व्रत, जप, शिव अभिषेक, शिव पूजन, शिव पुराण, कथा श्रवण करना चाहिए। शिवरात्रि पर सूर्य उदय से पहले स्नान कर भगवान शंकर के मंदिर में जाकर शिवलिंग के समक्ष बैठकर पूजा अर्चना करें। इसके साथ ही शिवगण श्री गणेश, माता पार्वती, श्री कार्तिक भगवान, श्री नंदीश्वर, सर्प, गंगा की भी पूजा अर्चना करें।
पूजा में कम से कम पांच वस्तुओं का इस्तेमाल करें
भगवान शिव को पूजन सामग्री अर्पित कर ऊं नम: शिवाय का जप करेंगे। भोले बाबा कम से कम पांच वस्तुएं अर्पित करें। इनमें चंदन, पुष्प, बेलपत्र, धूप, दीपक और भोग शामिल हैं। सर्वप्रथम भगवान शिव और उनके गणों को प्रणाम करना चाहिए। इसके बाद भगवान शिव को शुद्ध जल से स्नान कराना चाहिए। गाय का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर को मिलाकर पंचामृत से भगवान का अभिषेक करना चाहिए। प्रभु को स्नान कराने के बाद उन्हें गंगाजल से दोबारा स्नान कराएं। उसके पश्चात चंदन का तिलक लगाएं। बेलपत्र भगवान को चढ़ाए, धूप-दीप दिखाएं, भोग लगाएं। इसके साथ ही एकांत स्थान में बैठकर 1080 बार ऊं नम: शिवाय का जाप करें।
शिवरात्रि पर सजा भूतेश्वर महादेव मन्दिर- फोटो : SAHARANPUR
शिवरात्रि पर सजा भूतेश्वर महादेव मन्दिर- फोटो : SAHARANPUR
शिवरात्रि पर सजा बागेश्वर महादेव मन्दिर- फोटो : SAHARANPUR