राधा विहार स्थित श्री औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में मां पार्वती व शिव विवाह कार्यक्रम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। राधा विहार स्थित सिद्धपीठ औघड़दानी श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के दौरान धूमधाम से भगवान शिव व मां पार्वती का विवाह संपन्न कराया गया। भोले बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने भगवान शंकर की महिमा का गुणगान किया। मुख्य यजमान रमेश शर्मा व नरेश चंदेल ने शिव महापुराण का विधिवत पूजन व तिलक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात शिव मां पार्वती विवाह संपन्न कराया। भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती के स्वरूप की झांकी आकर्षण केंद्र रही। इस मौके पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि शिव पार्वती विवाह आत्मा और परमात्मा का मिलन है। पार्वती तप एवं साधना है, जिनके दिव्य प्रभाव से आत्म तत्व पूर्ण जागृत होकर पूर्णतत्व को प्राप्त होता है, जिसका वरण करने शिव अवश्य आते हैं। उन्होंने कहा कि जीव मात्र के जीवन का मूल उद्देश्य साधन में पूर्ण आत्म तत्व जागृत कर शिव की प्राप्ति है। यही मोक्ष और मुक्ति का मार्ग है। इस दौरान अरूण स्वामी, मेहरचंद जैन, राजेंद्र धीमान, रमेश शर्मा, गीता, उमा, सपना, माया, सुचेता, सुधा, ललतेश, कविता मौजूद रहे।