पानीपत की एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में केमिकल टैंक की सफाई के दौरान कैराना क्षेत्र के जंधेडी गांव के दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों परिवारों के इकलौते सहारे थे, जिससे गांव में शोक की लहर है।
पानीपत जनपद के बापौली क्षेत्र स्थित एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में केमिकल टैंक की सफाई के दौरान कैराना क्षेत्र के जंधेडी गांव के दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
परिवार का सहारा थे दोनों युवक
गांव जंधेडी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसके भाई रंतेश के परिवार में पांच बेटियां हैं और परिवार का इकलौता सहारा शिवम था, जो पानीपत में मजदूरी करता था। वहीं परिवार के ही संजय के दो बेटों में 19 वर्षीय नितिन छोटा था। नितिन की एक छोटी बहन और एक बड़ी बहन है। दोनों चचेरे भाई सुबह करीब नौ बजे फैक्ट्री में काम करने के लिए घर से निकले थे।
गांव में छाया मातम
केमिकल टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में दोनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। मृतक शिवम और नितिन की मां और बहनों का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है और दोनों युवक ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
आर्थिक मदद की उठी मांग
सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कुमार और मनीष ने प्रशासन से दोनों पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवारों की स्थिति को देखते हुए सरकार को तत्काल मदद उपलब्ध करानी चाहिए।