सहारनपुर। कोरोना संक्रमण की वजह से जिले में एक और मौत हो गई। बीते 19 दिन में यह सातवीं मौत है, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है, साथ ही कोरोना के मरीज भी टेंशन में हैं।
देवबंद के मोहल्ला किला निवासी 65 वर्षीय प्रेम सिंह को शुगर की शिकायत थी। बीते दिनों उनको अधिक समस्या हुई। परिजनों ने पहले तो उन्हें देवबंद में ही एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जहां से उन्हें सहारनपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें सोमवार 20 जुलाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। यहां उनका कोरोना टेस्ट किया गया, जो पॉजिटिव आया। बुधवार की रात 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रेम सिंह देवबंद में आर्टिफीशियल ज्वेलरी की दुकान चलाते थे। सहारनपुर में कोरोना से यह सातवीं मौत है। पहली मौत चार जुलाई को हुई थी।
शुगर के मरीज बन रहे शिकार
सहारनपुर में अभी तक सात मौतें करोना से हुई हैं। खास बात यह रही है कि इनमें पांच मौतें उन लोगों की हुईं हैं जिन्हें शुगर की शिकायत थी। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि शुगर के मरीजों को भी कोरोना से अधिक खतरा है।
सहारनपुर में कोरोना से एक और मौत हुई है, जो चिंता का विषय है। देवबंद निवासी 65 वर्षीय मरीज ने बुधवार की देर रात मेडिकल कॉलेज के कोविड सेंटर में दम तोड़ दिया। जनपदवासियों को सतर्क रहने की जरूरत है। -- डॉ. बीएस सोढ़ी, सीएमओ।