सहारनपुर। जनपद में दूसरे दिन मंगलवार को भी कोरोना संक्रमण का कोई मरीज नहीं मिला, जबकि पांच मरीजों ने कोरोना को मात भी दी। बीते दो दिन में सात हजार लोगों की जांच हो चुकी है, जिनमें से एक भी संक्रमित नहीं मिला है। कोरोना के लगातार कम होने से प्रशासन और चिकित्सा विभाग के साथ ही आम लोगों को भी राहत है।
कोरोना की तीसरी लहर में जनपद में जनवरी माह में जिस गति के साथ कोरोना बढ़ा था। फरवरी माह में उसी गति से कम हुआ है। बीते दो दिन से जनपद में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। 14 फरवरी को करीब तीन हजार लोगों की जांच हुई थी, जिनमें कोई संक्रमित नहीं मिला था। इसके बाद 15 फरवरी को करीब चार हजार लोगों ने जांच कराई। इनमें भी कोई संक्रमित नहीं मिला है। इस प्रकार दो दिन में सात हजार लोगों की जांच हो चुकी है। जबकि इन दो दिन में 18 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। वर्तमान में जिले में कोरोना के 41 एक्टिव मरीज हैं। अगले चार से पांच दिन में जनपद के कोरोना से मुक्त होने की संभावना चिकित्सा अधिकारी जता रहे हैं।
जनपद में बीते दो दिन में करीब सात हजार लोगों की जांच की गई है, जिनमें एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। इसके अलावा 18 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। लोगों को चाहिए कि अभी किसी तरह की लापरवाही ना बरतें, क्योंकि कोरोना कम हुआ है अभी गया नहीं है। - शिवांका गौड़, नोडल अधिकारी।