फतेहचंदपुर में शोभायात्रा रोके जाने पर पुलिस से उलझते लोग
- फोटो : SAHARANPUR
संत रविदास शोभायात्रा पुलिस ने रुकवाई, हंगामा
तीतरो (सहारनपुर)। प्रशासनिक अनुमति नहीं होने का हवाला देकर पुलिस द्वारा संत रविदास जयंती शोभायात्रा के जुलूस को रोकने से नाराज अनुसूचित समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। बाद में विवाद नहीं होने देने की शर्त पर ही शोभायात्रा को निकलने दिया गया।
तीतरो कोतवाली के गांव ठोल्ला फतेहचंदपुर में मंगलवार को डीजे व बैंडबाजों के साथ गांव में संत रविदास शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान बहलोलपुर चौकी पुलिस ने गांव पहुंच बिना अनुमति यात्रा निकालने का हवाला देते हुए शोभायात्रा रुकवा दी। इससे अनुसूचित समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पूर्व ग्राम प्रधान देशराज सिंह एवं सुखबीर सिंह, डॉ. रमेशचंद, सुलेख चंद, भोपाल सिंह, मिस्त्री चंद्रपाल, भीम आर्मी के अंकित कुमार, मनजीत सिंह, शिवचरण आदि का कहना था कि कई वर्षों से उनके द्वारा गांव में शांतिपूर्वक तरीके से श्री रविदास जयंती पर शोभायात्रा का आयोजन किया जाता रहा है। शोभायात्रा से पूर्व एसडीएम कार्यालय से अनुमति प्राप्त किए जाने के प्रयास किए गये थे, परंतु चुनावी कार्यक्रम में व्यस्त होने के चलते अधिकृत लैटर नहीं मिल पाया था। जबकि अनुमति के लिए प्रार्थना-पत्र समय से भेज दे दिया गया था।
शोभायात्रा के संचालन को लेकर गांव में किसी भी समाज के लोगों को कोई आपत्ति नहीं है। हंगामा बढ़ता देख कोतवाली प्रभारी ने किसी प्रकार का विवाद न होने देने की शर्त पर शोभायात्रा का संचालन शुरू कराया। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में यात्रा संपन्न हुई। यात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल रही। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। उधर, कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार शर्मा का कहना था कि बिना अनुमति यात्रा निकाली रही थी। पूर्व में भी यहां कई बार विवाद हो चुके हैं। इसके मद्देनजर यात्रा रुकवाई गई थी। बाद में धार्मिक भावनाओं को देखते हुए संचालन करा दिया गया।
शोभायात्रा रोकने के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की भीड़- फोटो : SAHARANPUR