सहारनपुर। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल की पत्नी फरीदा बेगम ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। आरोप है कि उसके बेटों को हाल ही में जमानत मिली है। अब दूसरे गुट के लोग पुलिस अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी केस दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में फरीदा बेगम ने बताया कि उसके पति, देवर और बेटों के खिलाफ पुलिस ने मिलीभगत कर कई आपराधिक मामला दर्ज कर रखे हैं। आरोप लगाया कि जैसे ही परिवार के किसी सदस्य को जमानत मिलती है तो दूसरा केस दर्ज करा दिया जाता है। हाल ही में उसके बेटों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। आरोप है कि शनिवार को दूसरे गुट के कुछ लोग जिले में तैनात एक पुलिस अधिकारी से मिले हैं। फरीदा बेगम ने आशंका जताई कि उसके बेटों को दोबारा किसी मामले में फंसाने की साजिश की जा रही है। पूर्व एमएलसी की पत्नी ने प्रमुख सचिव, डीजीपी, सीबीआई, कमिश्नर और डीएम को भी शिकायत भेजी है।