गंगोह के गांव न्याय पंचायत सिकंदरपुर में जन सुनवाई करते एसडीएम पूरन सिंह राणा
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। शासन के आदेश पर अमल करते हुए एसडीएम ने सरकारी अमले के साथ सिकंदरपुर पहुंच कर जन सुनवाई की। लोगों की कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि बाकि के लिए संबंधित अधिकारियों को निपटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गैरहाजिर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
योगी सरकार द्वारा अधिकारियों को प्रदेश की प्रत्येक न्याय पंचायत में जन सुनवाई कर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण करने के आदेश जारी किए हैं। इसी के मद्देनजर बृहस्पतिवार को एसडीएम पूरन सिंह राणा सरकारी अमले को साथ लेकर सिकंदरपुर पहुंच कर जन सुनवाई की। इस अवसर पर न्याय पंचायत के गांव कुंडा कला, खालिदपुर, बेगी, सिकंदरपुर आदि गांवों के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कुल 15 समस्याएं सामने आई जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया, जबकि अन्य समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को जल्द निपटाने के निर्देश जारी किए हैं। जन सुनवाई के दौरान विद्युत विभाग के सबसे अधिक मामले सामने आए। इसके अलावा एसडीएम ने अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को जनसुनवाई में नहीं आने पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किए। जन सुनवाई के दौरान नाली विवाद, विद्युत विभाग, सफाई व्यवस्था, चकरोड आदि मामले सामने आए। नायब तहसीलदार अजब सिंह राणा, आपूर्ति निरीक्षक दीपांकर शर्मा, वन क्षेत्राधिकारी हरज्ञान सिंह आदि रहे।