बेहट (सहारनपुर)। एसडीएम ने सोमवार की रात खनिज से भरे 10 वाहन पकड़ने के बाद पुलिस को सौंप दिए। इनकी रिपोर्ट खान विभाग को भेजी गई है। एसडीएम ने बताया कि किसी भी वाहन के चालक के पास रवन्ना नहीं है।
रात करीब एक बजे एसडीएम दीप्ति देव ने हाईवे पर कलसिया एवं गंदेवड़ तिराहे पर चेकिंग कर यमुना नदी की तरफ से खनिज लेकर आए 10 वाहनों को रोक लिया। उन्होंने इनके चालकों से रवन्ना दिखाने के लिए कहा तो किसी के पास रवन्ना नहीं था। इस एसडीएम ने सभी वाहनों के चालकों और उनके वाहनों को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस चालकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई, जबकि वाहनों को कब्जे में ले लिया गया। एसडीएम ने बताया कि पकड़े गए वाहनों के संबंध में खान विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। पकड़े गए वाहनों में दो 20 टायरा, पांच 14 टायरा, एक 12 टायरा ट्रक, दो दस टायरा डंपर शामिल है। इन पर खनन विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि बिना रवन्ने के खनिज लेकर जाने वाले वाहनों के निकलने के दौरान एक स्विफ्ट कार उनकी गाड़ी की रैकी कर रही थी। इसका आभास होने पर उन्होंने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ी नहीं जा सकी।