सहारनपुर। विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को एक भाजपा नेता की अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाते हुए ध्वस्त कराया। इसके अलावा अन्य जगहों पर हुए अवैध निर्माणों को सील किया गया।
जोन चार के तहत कांशीराम कॉलोनी के पीछे ढमोला नदी के किनारे कई साल से अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। कॉलोनी को काटने वालों में भाजपा के एक नेता भी शामिल हैं। करीब 25 बीघा भूमि पर काटी जा रही कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए कार्य कराया जा रहा है। विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को जेसीबी ले जाकर हुए निर्माण कार्यों को ध्वस्त कराया।
जोन चार ही में मल्हीपुर रोड पर एक व्यक्ति द्वारा 200 वर्ग मीटर भूखंड पर सात दुकानें बनाने का कार्य किया जा रहा है। दस फीट ऊंचे कॉलम खड़े किए जा चुके हैं। विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवाते हुए सील किया।
जोन सात के तहत टोपिया सराय मोहल्ले में एक व्यक्ति द्वारा 50 वर्ग मीटर भूखंड पर तीन दुकानें बनाई जा रही हैं। इस निर्माण को भी रुकवाते हुए सील किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता प्रदीप गोयल, रविंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुधीर कुमार, मेट अमरनाथ, राहुल, रामगोपाल, मोहित, वैभव, सतेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।