सहारनपुर। सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड और मान्यता प्राप्त विद्यालय मंगलवार से खुल गए। सुबह के समय नौनिहाल कोहरे और शीतलहर के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे।
जनपद में कोहरे और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए 12वीं तक के विद्यालय करीब एक सप्ताह से बंद थे। जिला प्रशासन ने पांच जनवरी तक बंद करने के निर्देश दिए थे, लेकिन पांच जनवरी को धूप निकल आने के बाद छह जनवरी से विद्यालय खुलने की पूरी संभावना थी और यही हुआ। छुट्टी नहीं बढ़ी। ऐसे में मंगलवार से स्कूल खुल गए, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर रही। कई स्कूलों ने पांचवीं तक के बच्चों का अवकाश रखा, जबकि कुछ ने प्री-नर्सरी से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों की कक्षाओं का संचालन पुन: शुरू कर दिया। ऐसे में सुबह के समय बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाते देखा गया। कई बच्चे अपने अभिभावकों की दुपहिया वाहनों पर जैकेट और गर्म टोपी पहने स्कूल जाते नजर आए।
परिषद के विद्यालयों में 14 तक अवकाश
बेसिक शिक्षा परिषद के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही परिषद से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 14 जनवरी तक अवकाश की घोषणा की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश संबंधित प्रधानाध्यापकों को दिए हैं। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि, मंगलवार को सभी मान्यता प्राप्त विद्यालय खुले रहे।