सहारनपुर। कोविड के कारण बंद किए गए माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भौतिक रूप से पठन-पाठन आज से शुरू होगा। फिलहाल कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं के विद्यार्थियों को बुलाया जाएगा। कॉलेजों और महाविद्यालयों में कोविड से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। प्री- नर्सरी से कक्षा आठ तक की पढ़ाई ऑनलाइन ही जारी रहेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने बताया कि चूंकि प्रदेश भर में कोरोना संक्रमण में तेजी से कमी आई है। ऐसे में अपर मुख्य सचिव ने विद्यालयों और महाविद्यालयों को खोलने के आदेश जारी किए हैं। फिलहाल कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाओं का संचालन होगा। लेकिन विद्यालयों और महाविद्यालयों यानी डिग्री कॉलेजों को अपने यहां कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करनी होगी। साथ ही बिना मास्क के ना तो कोई छात्र प्रवेश कर सकेगा और ना ही प्रधानाचार्य, शिक्षक या कोई कर्मचारी। सभी को कोविड से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों को कक्षों के साथ ही शौचालयों और पेयजल की टंकियों के आसपास सफाई रखनी होगी। विद्यार्थियों की हाथ धुलाई के लिए साबुन या सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था रखनी होगी। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग करनी होगी। यदि किसी छात्र या कर्मचारी को बुखार की शिकायत हो तो उसे घर भेज दिया जाए। कक्षाओं में विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बिठाया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को कोविड से बचाव के लिए जागरूक भी किया जाएगा, जिससे वह बचाव के नियमों का पालन कर सकें। प्री-नर्सरी से कक्षा आठ तक के लिए ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी।