सहारनपुर। अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान मोहम्मद अमान के नाबाद 88 रन की बदौलत एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी-ए ने सेठ घनश्यामदास गुप्ता मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता जीत ली। एसबीबीए की टीम ने फाइनल मुकाबले में इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी को 62 रन से हराया। प्लेयर ऑफ द मैच प्रशांतवीर को चुना गया।
श्री भूतेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी-ए ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 196 रन बनाए। इनमें मोहम्मद अमान ने नाबाद 88 और प्रशांतवीर ने नाबाद 52 रन बनाए। इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी की ओर से रमीज मालिक ने तीन विकेट लिए। 197 के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम 16.2 ओवर में 134 रन बनाकर आउट हो गई। इस प्रकार यह मुकाबला 62 रन से जीतकर एसबीबीए ने ट्रॉफी अपने नाम की। इस्लामिया की ओर से अंजार ने 43 और शामिक राजा ने 21 रन बनाए।
एसबीबीए के लिए हिमांशु ने तीन तथा प्रशांतवीर और आजम ने दो-दो विकेट लिए। प्रतियोगिता में बेस्ट बेट्समैन आदिल खान, बेस्ट बॉलर रमीज मालिक और बेस्ट फील्डर शाहनवाज मालिक को चुना गया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अंकित को मिला। इस दौरान यूपीसीए एपेक्स काउंसिल के सदस्य साजिद उमर, एसडीसीए के मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, प्रधानाचार्य नेत्रपाल सिंह, कोच राजीव गोयल उर्फ टप्पू, रणधीर कपूर, मृदुल गर्ग, विजय गुप्ता, प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।