बिहारीगढ़। थाना क्षेत्र के गांव कालूवाला जहानपुर से पांच व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव को सील कर दिया गया है, साथ ही रोगियों के परिजनों को जीवाला क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कराया गया है।
बता दें कि देहरादून मंडी से छह आढ़ती कोरोना संक्रमित मिले थे। बिहारीगढ़ क्षेत्र के कालूवाला जहानपुर निवासी मंडी में काम करने वाले इन आढ़तियों के संपर्क में आए पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद मंगलवार को थानाध्यक्ष ने गांव पहुंच कर मुख्य रास्तों पर बेरिकेडिंग लगाते हुए सील कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कोरोना संक्रमितों के परिजनों को क्षेत्र के गांव जीवाला स्थित सेंटर पर क्वारंटीन किया गया है। वहीं इनके संपर्क में आए कुछ अन्य लोगों को उनके घरों में ही क्वारंटीन कराया गया है। ग्राम प्रधान नाथीराम चौहान ने सतर्कता बरतते हुए गांव में ऐलान कराकर लोगों को घरों में ही रहने और बेहद जरूरी होने पर बाहर आने की सलाह दी है। उन्होंने टैंकर मंगवा कर पूरे गांव को सैनिटाइज कराया है।