अंबेहटा। गांव ब्राह्मण माजरा निवासी एक व्यक्ति का घरेलू बिजली का बिल दस लाख से भी ज्यादा आने से उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी के पोर्टल पर करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ब्राह्मण माजरा गांव निवासी अतर सिंह पुत्र लाल सिंह ने बताया कि उसने गांव में घरेलू कनेक्शन ले रखा है। एक जून को उसने बिजलीघर से अपना बिल निकलवाया तो बिल की राशि देख कर उसके होश उड़ गए। अतर सिंह ने बताया कि दो माह का बिल दस लाख सात हजार सात सौ छियान्वे रुपये दर्शाया गया है, जबकि उसका दो माह का औसतन बिल करीब एक हजार रुपये का आता है। पीड़ित ने बताया कि उसने बिल को ठीक कराने के लिए स्थानीय अधिकारी से संपर्क किया परन्तु कोई परिणाम नहीं निकला। उधर, अवर अभियंता सूर्य भान प्रजापति ने बताया कि मीटर की गलत रीडिंग के कारण ऐसा हुआ है जिसे ठीक करा दिया जाएगा।