ज्ञान कलश इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट का अभ्यास करते खिलाड़ी।
- फोटो : SAHARANPUR
सज गया मैदान, यूपी और हरियाणा के बीच मुकाबला आज से
सहारनपुर। बीसीसीआई की ओर से संचालित अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के तहत यूपी और हरियाणा के बीच मुकाबला आज से ज्ञानकलश क्रिकेट एकेडमी मैदान पर शुरू हो रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों टीमों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया। साथ ही दोनों टीमों के ऑफिशियल भी सहारनपुर पहुंच चुके हैं।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव लतीफुर्रहमान ने बताया कि मैच की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यूपी और हरियाणा की क्रिकेट टीमों के अलावा बीसीसीआई के मैच रेफरी, अंपायर, स्कोरर, वीडियो एनालेसिस करने वाली टीम आदि भी पहुंच चुके हैं। मैदान पूरी तरह मैच के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के निदेशक अकरम सैफी के प्रयास के चलते ही सहारनपुर जैसे छोटे शहर को बोर्ड ट्रॉफी के मैच कराने का अवसर मिल रहा है। इससे पहले अकरम सैफी के ही कारण सहारनपुर को विजय मर्चेंट ट्रॉफी का मैच मिला था, जो यूपी और मध्य प्रदेश के बीच था और छह से आठ नवंबर तक चला था। लतीफुर्रहमान ने बताया कि ज्ञानकलश क्रिकेट एकेडमी का मैैदान मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। पिच अंतरराष्ट्रीय पिच क्यूरेटर शिव कुमार यादव ने तैयार की है। सबसे खास बात यह है कि प्रदेश की टीम में चार खिलाड़ी सहारनपुर के खेल रहे हैं, जिनमें आकिब खान, कुणाल त्यागी, नदीम और सक्षम शर्मा शामिल हैं। आकिब खान भारतीय अंडर-19 टीम में भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि नगर विधायक और एसोसिएशन के संरक्षक संजय गर्ग लगातार खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। इस मुकाबले को लेकर वह हर रोज मैदान पर आकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। अध्यक्ष अमर गुप्ता ने खेल प्रेमियों से मैच देखने के लिए एकेडमी पहुंचने की अपील की।