उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बयान दिया है। उन्होंने महिला अपराधों, हालिया मामलों और महिला सम्मान को लेकर बात की। कहा कि सोनम-मुस्कान जैसी महिलाओं को फांसी होनी चाहिए।
सोमवार को दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर उनके सपनों को साकार किया गया है।
मीनाक्षी ने कहा कि महिला अपराधों से जुड़ी रोजाना 250 शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने खासतौर पर मेरठ की मुस्कान और इंदौर की सोनम का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी महिलाओं को जीने का हक नहीं है। उन्हें फांसी होनी चाहिए। कुछ गलत महिलाओं की वजह से पूरे समाज को बदनाम न किया जाए। हालांकि महिलाओं पर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर लगे आरोपों को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। बताया कि पीड़िता की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच चुकी है। इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है। कोई सांसद हो या विधायक, किसी को भी महिला उत्पीड़न का अधिकार नहीं है। इस मामले में भी जांच के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।