सरसावा-नकुड़ मार्ग पर गांव अगवानहेड़ा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से नकुड़ निवासी बाइक सवार दो दोस्तों नमन (20) और सोहेल (26) की मौत हो गई। दोनों युवक नकुड़ से सरसावा अपनी बाइक की किस्त जमा करने आ रहे थे।
परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त नमन और सोहेल देर शाम घर से सरसावा जाने के लिए बोलकर निकले थे। गदरहेड़ी और अगवानहेड़ी के बीच किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले आधार कार्ड और मोबाइल से उनकी शिनाख्त करते हुए परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। नमन तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह मोबाइल की दुकान पर काम करता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसने काम छोड़ रखा था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पिता की नजर बेहद कमजोर है और वह कोई काम नहीं कर सकते हैं।
दूसरा मृतक सोहेल छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। उसकी दो बहनें भी हैं। सोहेल मैजिक वाहन चलाता था और अविवाहित था। दोनों युवक अच्छे दोस्त थे। युवकों की मौत के बाद उनके परिवार और मोहल्लों में शोक की लहर है।
ये भी देखें...
मेरठ अग्निकांड: 'पापा जल्दी आओ, नहीं तो हमें जिंदा नहीं देख पाओगे', आग और धुएं के गुबार में घुट रहा था दम