मोहल्ला जनकनगर निवासी दो भाई मिशन कंपाउंड स्थित एक स्कूल में पढ़ते हैं। उनकी स्कूल के ही छात्रों ने किसी बात पर पिटाई की थी। पुलिस ने कुछ आरोपी लड़कों को थाने में बैठाया, तो उनमें से किसी की मां ने चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत कर दी।
मिशन कंपाउंड स्थित एक स्कूल के छात्रों ने दो छात्र भाइयों पर हमला कर दिया। इससे दोनों भाई घायल हो गए। दोनों कार्यक्रम की रिहर्सल के बाद घर जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने आठ छात्रों सहित 15 के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र में मिशन कंपाउंड का है। थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला जनक नगर निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके दो भतीजे मिशन कंपाउंड स्थित एक स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र हैं। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर स्कूल में कार्यक्रम की तैयारी के लिए गए थे। रिहर्सल के बाद स्कूल से निकलने पर कुछ छात्रों ने पकड़ लिया और खींचकर एक गली में ले गए।
दोनों भाइयों को छात्रों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इससे वह घायल हो गए। भाइयों के शोर मचाने पर राहगीर पहुंच गए। इसके बाद हमलावर छात्र और उनके साथी भाग गए। उन्हें पूर्व में मारपीट का दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। घायलों को अस्पताल ले गए। इस मामले में पुलिस ने आठ नामजद व सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा किया है।
24 अप्रैल को आरोपी छात्रों ने किया था हमला
मोहल्ला जनकनगर निवासी व्यक्ति ने बताया कि आरोपी छात्रों ने 24 अप्रैल को भी दोनों भाइयों पर हमला किया था। इसकी रिपोर्ट आरोपी छात्रों के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। हमलावर दोबारा छात्र भाइयों और परिवार के साथ कोई अनहोनी घटना कर सकते हैं।
साढ़े पांच घंटे तक थाने में बैठाने का आरोप, शासन तक पहुंचा मामला
मारपीट मामले में पुलिस पांच-छह छात्रों को घरों से पकड़कर थाने ले आई। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात साढ़े 12 बजे से सुबह पांच बजे तक छात्रों को थाने में बैठाए रखा, जबकि अभिभावकों को देर रात घर भेज दिया। पकड़े गए छात्रों में से एक छात्र की मां ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत दर्ज कराई। थाना कुतुबशेर पुलिस के पास फोन आया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। सुबह छात्रों को घर भेजा गया। मामला शासन तक पहुंचने से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रहा।