गुरुवार को ग्राम सोराना में शाम पांच बजे के करीब सम्राट मिहिर भोज व सम्राट पृथ्वीराज चौहान का बोर्ड हटवाने का पता लगते ही अनिल गुर्जर, आशीष गुर्जर, संजीव, सत्येंद्र, मनोज, रवि, जितेंद्र, शक्ति, शुभम आदि मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पुलिस पर बोर्ड हटवाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए धरना दिया। आरोप लगाया कि दोनों महापुरूषों का बोर्ड कुछ दिन पहले ही लगावाया था। बृहस्पतिवार की शाम पुलिस ने बोर्ड हटवा दिया। इसको लेकर तनाव की स्थिति बन गई।
एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम नकुड़ अजय कुमार अंबष्ट, सीओ चित्रांशु गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होेंने धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह दोबारा बोर्ड लगाए जाने की मांग पर अड़े रहे।
एसपी देहात सागर जैन ने लोगाें से कहा कि पोस्टर या बोर्ड लगाने से पुलिस-प्रशासन को कोई एतराज नहीं है। पुलिस ने बोर्ड नहीं हटवाया है। प्रशासन के नियम के अनुसार अनुमति लेकर बोर्ड लगाएं। इसके पश्चात पुलिस और गुर्जर समाज के लोगों के बीच वार्ता हुई।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि मामला शांत हो गया। अनुमति लेकर बोर्ड लगाया जा सकता है।