मुजफ्फराबाद में शुक्रवार शाम कक्षा सात में पढ़ने वाला आदित्य (12) अपने घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आदित्य गांव के ही उच्च प्राथमिक स्कूल मर्ज में कक्षा सात का छात्र था। परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर दो बजे स्कूल से आया था। खाना खाने के बाद वह खेत पर घास लेने गया था। वहां से आने के बाद उसने पतंग भी उड़ाई। पांच बजे के बाद वह घर में किसी को दिखाई नहीं दिया। शाम साढ़े छह बजे पिता बीनू बाहर से आए तो उसने आदित्य के बारे में पूछा।
वह उसे तलाशते हुए दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां आदित्य कमरे में खूंटी से बने फंदे पर लटका था। उसे नीचे उतार कर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थाने से एसएसआई भूपेंद्र शर्मा और फारेंसिक टीम को लेकर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए शव को कब्जे में लिया।
बताया गया कि आदित्य की स्कूल की छुट्टी के बाद गेट के सामने अपने किसी सहपाठी से मारपीट भी हुई थी। आदित्य तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। प्रधानाध्यापिका अनिता सैनी ने बताया कि आदित्य पढ़ाई में मेधावी था। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। फिर भी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
UP: मेरठ साउथ स्टेशन पर लॉक हुआ नमो भारत का गेट, आधा घंटा तक ट्रेन में बंद रहे यात्रियों की सांसें अटकीं