नकुड़ नगर के मोहल्ला सुजादपुरा निवासी सात परिवारों ने पलायन करने की चेतावनी देते हुए अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है, के पोस्टर चस्पा किए हैं। पीड़ितों का आरोप है कुछ लोग उनके साथ आएदिन झगड़ा करते हैं। शिकायत के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती।
मोहल्ला सुजादपुरा में मीरदाद के सात बेटों जमशेद, तसव्वुर, दिलशाद, इरशाद, शमशाद, फरमान और अनवर की विधवा पत्नी शाहजहां के मकान एक ही गली में हैं। शाहजहां आदि ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे मोहल्ले के कुछ लोग लाठी-डंडे, तमंचे व धारदार हथियार लेकर उनकी गली में आ धमके।
हमलावरों ने उसके दस वर्षीय बेटे अयान के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि शाहजहां ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई। उन्होंने इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी , जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में कोतवाली में लिखित तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है के पोस्टर चस्पा कर दिए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई ना होने पर पलायन की चेतावनी दी है। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।