सहारनपुर जनपद में बेहट क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी में बुधवार रात स्मैक तस्करों ने गरीब परिवार के मकान की टीनशेड की छत तोड़ डाली। विरोध करने पर परिवार के लोगों को पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी हाथापाई की और अपने एक साथी को हिरासत से छुड़ा लिया।
परिवार के सदस्यों को पीटा
घटना बुधवार देर रात एक बजे की है। स्मैक तस्करी का गढ़ बन चुकी इंदिरा कॉलोनी में मुर्सलीन के मकान की टीनशेड की छत आरोपियों ने गिरा दी। पीड़ित का कहना है कि उसके घर का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को पीटा गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक तस्कर को हिरासत में ले लिया। इस पर तस्करों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और अपने साथी को छुड़ा ले गए। वहीं पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है। लोगों का कहना था कि पुलिस की मिलीभगत से इस कॉलोनी में स्मैक तस्करी का धंधा फल-फूल रहा है।
उधर, कोतवाली प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर दो पुलिसकर्मी मौके पर गए थे। आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की है। मामले में कड़ी कार्रवाई जाएगी। वहीं सीओ बेहट रामकरण सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।