सहारनपुर में वायुसेना स्टेशन सरसावा में तैनात एक सार्जेंट ने ड्यूटी के दौरान आत्महत्या कर ली। सार्जेंट का शव बाथरूम में लटका मिला। वायुसेना स्टेशन अधिकारियों की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात्रि उन्हें वायु सेना स्टेशन से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस टीम वायुसेना स्टेशन पहुंची। जहां वायुसेना स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में तैनात बिहार के पटना निवासी सार्जेंट एमपी सिंह ने ड्यूटी के दौरान बाथरूम में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
यह भी पढ़ें: Murder: मोहब्बत से शादी तक पहुंचा रिश्ता, फिर मारपीट करने लगा पति, खाने के लिए नहीं देता था रोटी, देखें मर्डर की तस्वीरें
थानाध्यक्ष ने बताया कि आत्महत्या का प्रकरण शाम चार बजे का है लेकिन, उनके पास सूचना देर में आई थी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों के नहीं आने के कारण शव का पोस्टमार्टम कराकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इस संबंध में वायुसेना स्टेशन के अधिकारियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो पाई है।