- महानगर के 58 वार्डों की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में देने के लिए निकाला गया है टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। महानगर के 58 वार्डों की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में देने के टेंडर की शर्तों में बदलाव किया गया है, जिसमें ठेके पर रखे जाने वाले सफाईकर्मियों की वेतन वृद्धि प्रमुख है। संशोधन के बाद टेंडर की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है।
दरअसल, 70 वार्डों में से 58 वार्डों की सफाई व्यवस्था नगर निगम बोर्ड निजी हाथों में देने जा रहा है। कार्यकारिणी समिति की बैठक में पास होने के बाद इसे लेकर सफाईकर्मी हड़ताल तक कर चुके हैं। उसके बाद बोर्ड ने सफाईकर्मियों की शर्तों को मानते हुए इसे कार्यकारिणी में दोबारा पास कराने के बाद बोर्ड से भी पास कराया। पिछले दिनों टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। कुल पांच फर्मों ने टेंडर डाले थे, लेकिन जब टेक्निकल बिड खोली गई तो एक भी फर्म शर्तों को पूरा नहीं कर सकी। उसके बाद नगर निगम को शर्तों में ही बदलाव करना पड़ा है। इसमें प्रमुख शर्त ठेके पर रखे जाने वाले सफाईकर्मियों की वेतन वृद्धि की है। इसके बाद नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया दोबारा शुरू की है, जिसकी टेक्निकल बिड दस अगस्त को खुलेगी।
422.85 की जगह निगम देगा 500.33 रुपये प्रतिदिन
58 वार्डों की ठेके पर सफाई के लिए करीब तीन हजार सफाईकर्मी रखे जाएंगे। पहले सफाईकर्मियों का प्रत्येक दिन का 422 रुपये 85 पैसे वेतन निर्धारित किया गया था, जिसे बढ़ाकर अब 500 रुपये 33 पैसे किया गया है। यानी पहले 12685 रुपये मासिक वेतन मिलना था, जिसे बढ़ाकर अब 15,009 रुपये किया गया है। हालांकि, नगर निगम ने 19 जून को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में मासिक वेतन 17,446 रुपये देने की घोषणा की हुई है।
अभी हैं करीब 1700 सफाईकर्मी
नगर निगम में इस समय 70 वार्डों में सफाई के लिए करीब 1700 सफाईकर्मी हैं, जिनमें करीब 300 स्थायी और बाकी संविदा पर हैं। 58 वार्डों की सफाई व्यवस्था ठेके पर जाने के बाद ये सभी 1700 सफाईकर्मी शेष 12 वार्डों में काम करेंगे, जबकि ठेके में लिए गए 58 वार्डों में केवल तीन हजार सफाईकर्मी रहेंगे।
तीन हजार सफाईकर्मी ठेके पर रखे जाएंगे। उनके लिए 422 रुपये 85 पैसे प्रतिदिन का वेतन निर्धारित था, जिसे बढ़ाकर 500 रुपये 33 पैसे किया गया है। इसीलिए टेंडर की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है, जो दस अगस्त को खुलेगी। - डॉ. प्रवीण शाह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम