- कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आली सराय का मामला
- तीन अन्य वाहन भी चपेट में आए, घरेलू सामान जलकर राख
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आली सराय में रविवार को घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से आग लग गई। घर में खड़े तीन अन्य वाहन भी चपेट में आ गए। इसके साथ ही घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
मोहल्ला आली सराय की फैज अली गली नंबर-6 निवासी शाहिद मंसूरी के घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी तेज आवाज के साथ फट गई। देखते ही देखते स्कूटी में आग लग गई। आग की लपटों ने पास में खड़े तीन वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा घर में रखा इन्वर्टर, बैटरी, फर्नीचर, बिजली के उपकरण और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टियों सहित उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आसपास के मकानों तक लपटें नहीं पहुंचें और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय घर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान हुआ। उधर, अग्निशमन अधिकारी ऋषभ पंवार का कहना है कि कोई सूचना नहीं दी गई। लोगों ने खुद ही आग को बुझा लिया होगा।