सहारनपुर में कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बेहड़की में जीत का जश्न मना रहे ग्राम प्रधान के पति, उसके बेटे सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के एक गांव कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बताया गया कि गागलहेड़ी थाना के ग्राम पंचायत हरोडा मुस्तकम के निर्वाचित ग्राम प्रधान सुलेमान अपने समर्थको के साथ जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान समर्थकों ने भी जमकर नारेबाजी की और कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन किया। ग्राम प्रधान सुलेमान सहित उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रधान और उसके समर्थकों की गिरफ्तारी को लेकर गांव दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
उधर, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बेहड़की में जीत का जश्न मना रहे ग्राम प्रधान के पति, उसके बेटे और डीजे बजाने वाले सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ महामारी अधिनियम और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर में प्रधान पद की विजेता के समर्थकों ने जमकर जीत का जश्न मनाया। ढोल बाजे के साथ गांव में घूमे, नारेबाजी हुई और अवैध हथियारों से हवाई फायरिंग तक की गई।