घटना - 1
कोर्ट रोड पर दीवानी कचहरी के सामने खाली पड़े प्लाट में शुक्रवार दोपहर 12 बजे आग लग गई। प्लाट में रखा फर्नीचर जलकर राख हो गया। पता लगने पर अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ दमकल विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में दमकल विभाग की एक गाड़ी का इस्तेमाल हुआ। आग लगने की वजह से स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना - 2
अंबाला रोड स्थित मेला गुघाल परिसर में स्क्रैप से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक चालक ने कूदकर जान बचाई। मौके पर टीम के साथ पहुंचे अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। गांव इस्लामनगर निवासी ट्रक स्वामी अब्दुल रहमान ने बताया कि आग लगने से उनका लाखों का नुकसान हुआ है। सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया कि बिजली की तारों से चिंगारी गिरने पर ट्रक में आग लगी है।
घटना - 3
मिर्जापुर क्षेत्र में मां शाकंभरी देवी मंदिर इलाके में बाबा भूरादेव मंदिर के पास झाड़ियों में आग लग गई। पता लगते ही बेहट से दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यहां भी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें: बीटेक स्टूडेंट मर्डर केस में बड़ा खुलासा: कॉलेज में चलती थी सिपाही के बेटे की गुंडागर्दी, पूछताछ में उगला वारदात का असली सच
तीन जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुई हैं। विभाग की टीमों ने पांच से 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। गर्मी बढ़ने के साथ अग्निकांड भी बढ़ रहे हैं। इस तरह की घटनाओं से निपटने को विभाग पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए।
- तेजवीर सिंह, सीएफओ