विवाह समारोह से लौट रहा सहारनपुर निवासी बाइक सवार परिवार देहरादून में सड़क हादसे का शिकार हो गया। इसमें मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो मौतों के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
सहारनपुर के छुटमलपुर के कस्बे के हलवाना रोड निवासी इरशाद पुत्र सईद मेलों में दुकान लगाने का काम करता है। वह बृहस्पतिवार को अपने सगे भाई विकासनगर निवासी नियाज के यहां बेटे और बेटी की शादी में शामिल होने परिवार सहित गया था। शाम के वक्त इरशाद, अपनी पत्नी गुलिस्ता (30), बेटे अरशद (8), बेटी अलफिसा (7) और बेटे असद (2) के साथ बाइक पर सवार होकर वापस छुटमलपुर लौट रहा था।