राज्यमंत्री कुवंर सिंह ने बाढ़ के पानी में पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों में हुई भारी बरसात के चलते हिंडन में आए उफान से नदी किनारे बसे दर्जनों गांवों की हजारों बीघा फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। वहीं, सोमवार सुबह लोक निर्माण राज्यमंत्री कुवंर बृजेश सिंह ने बाढ़ के तेज बहाव के पानी में उतरकर किसानों के हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
सहारनपुर में बड़गांव क्षेत्र के गांव शब्बीरपुर, महेशपुर, शिमलाना, चिराऊ, बहेड़ा, नन्हेड़ा आदि से सटकर बह रही हिंडन नदी भारी बरसात के चलते उफान पर आ गई थी। बाढ़ के चलते क्षेत्र के नदी किनारे बसे कई गांवों के घरों से लेकर जंगलों में हिंडन नदी का कई-कई फीट पानी भर गया था। इन गांवों की हजारों बीघा फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गईं हैं। नदी क्षेत्र के किसानों में हाहाकार मचा हुआ है।